लच्छीवाला नेचर पार्क में पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए वन विभाग कृत्रिम झील का निर्माण कर रहा है। झील के तैयार हो जाने के बाद उसमें पर्यटक मनोरंजन कर सकेंगे। संभावना है कि इसी सीजन में झील तैयार हो जाएगी।
राजधानी के लोकप्रिय पिकनिक स्पॉट कहे जाने वाले लच्छीवाला नेचर पार्क में अब पर्यटकों के लिए कृत्रिम झील तैयार की जा रही है। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत लच्छीवाला में एक झील बनाने की घोषणा के अनुरूप वन महकमा इसको धरातल पर उतारने में जुटा हुआ है। करीब डेढ़ बीघा जमीन पर ये झील तैयार की जा रही है। मंशा है कि तैयार होने वाली झील में बोटिंग, मत्स्य पालन और पक्षियों का आशियाना भी बन सके। लच्छीवाला नेचर पार्क राजधानी के बेहद सस्ते और लोगों के पंसदीदा पर्यटन स्थल के रूप में जाना जाता है। दिल्ली, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, राजस्थान और उत्तरप्रदेेश राज्यों के पर्यटक यहां आना पंसद करते है। गर्मियों के सीजन में तो प्रतिदिन दस हजार पर्यटकों की भी आमद हो जाती है। पर्यटकों की संख्या लगातार बढ़ने के कारण विभाग कुछ साल पहले यहां तितली पार्क भी बना चुका है। झील के चारों ओर सौंदर्यीकरण के लिए विभिन्न प्रजातियों के फूलों वाला पथ तैयार होगा। पर्यटक झील में जलक्रीड़ा भी कर सके इसके लिए झील में प्राकृतिक रूप से पानी की व्यवस्था बनाई जा रही है। झील के निर्माण होने से लच्छीवाला नेचर पार्क में पर्यटकों की संख्या में इजाफा होना स्वाभाविक है।
कोट:
लच्छीवाला नेचर पार्क में कृत्रिम झील बनाने का काम शुरू हो गया है। फिलहाल पांच लाख रुपये व्यय कर झील को तैयार कर दिया जाएगा। जिससे सीजन में पर्यटक लाभान्वित हो सके। आगामी बजट उपलब्ध होने पर सौंदर्यीकरण आदि का काम होगा। कृत्रिम झील होने से नेचर पार्क की सुंदरता में इजाफा हो जाएगा।
घनानंद उनियाल, वन क्षेत्राधिकारी, लच्छीवाला।